शिवशक्ति नगर में जलजमाव से बढ़ा आक्रोश, गंदगी के बीच पूजा को मजबूर श्रद्धालु
बक्सर। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड अंतर्गत शिवशक्ति नगर, जासो रोड स्थित गली में जलजमाव एवं गंदगी की समस्या से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस गली में स्थित माँ विन्ध्यवासिनी मंदिर सह भारद्वाज धर्मशाला में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं, लेकिन गंदगी के बीच ही उन्हें पूजा करने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई कर्मी इस गली में नियमित रूप से नहीं आते, जिससे जलजमाव और कचरे की समस्या लगातार बनी रहती है। इस संबंध में 2 अप्रैल 2026 को एक प्रमुख दैनिक समाचार पत्र में भी विस्तृत खबर प्रकाशित हो चुकी है, वहीं स्थानीय चैनलों पर भी इस समस्या को दिखाया गया है। इसके बावजूद नगर परिषद द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने प्रशासन से अविलंब सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने तथा जलजमाव से मुक्ति दिलाने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को राहत मिल सके।










