योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा होते ही होगा भुगतान : मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा

बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा शनिवार को बक्सर सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को गति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा होने पर संवेदकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी साहिला से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्देश दिया कि जिन योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, उनका भुगतान शीघ्र जारी कराया जाए। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के पास विकास योजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं है। सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और कार्य संतोषजनक पाए जाने पर ही राशि जारी की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार की प्राथमिकता विकास कार्यों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा कराना है। जो संवेदक 100 प्रतिशत गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करेंगे, उन्हें भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी, जबकि कार्य में कोताही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि विभिन्न योजनाओं से संबंधित शिविरों में प्राप्त आवेदनों पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा योजनाओं की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि लोगों को अधिकतम सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि राहत कोष सहित जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन में धन की कोई कमी नहीं है और लाभार्थियों को समय पर सहायता मिलती रहेगी।
प्रेस वार्ता में जदयू जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सिंह यादव, रोहित ओझा, संजय सिंह, प्रेम मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










