एसटीपीएल परिसर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया गया जागरूक

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एसटीपीएल परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों, संविदाकर्मियों एवं स्थानीय समुदाय को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करना तथा सतत विकास के महत्व को रेखांकित करना था । कार्यक्रम का शुभारंभ वृक्षारोपण अभियान से किया गया, जिसके अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए । इस अवसर पर उपस्थित बक्सर जिले की पदाधिकारी श्रीमती साहिला एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी, भोजपुर प्रद्युम्न गौरव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एसटीपीएल एवं सभी उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित हुए । अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला । कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण विषयक जागरूकता संदेशों का प्रसार किया गया तथा सभी उपस्थित जनों को जल, ऊर्जा एवं प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का संकल्प दिलाया गया । साथ ही परिसर में एक पेड़ माँ के नाम को लगाकर स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यक्तिगत एवं सामूहिक स्तर पर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया गया । अपने संबोधन में अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर हमारी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न अंग बनना चाहिए। प्रकृति एवं पर्यावरण के संरक्षण से ही भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं समृद्ध भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में एसटीपीएल के अधिकारियों, कर्मचारियों, संविदाकर्मियों तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की ।










