सोना खरीदने की अपील से सर्राफा कारोबार पर पड़ेगा असर – मुन्ना तिवारी
बक्सर। शनिवार को बक्सर सदर के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से सोना नहीं खरीदने की अपील पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह अपील देश के सर्राफा व्यापारियों और पारंपरिक स्वर्णकारों के लिए अत्यंत नुकसानदायक साबित हो सकती है। मुन्ना तिवारी ने कहा कि बक्सर जैसे शहरों में अधिकांश स्वर्ण व्यवसाय छोटे और मध्यम वर्ग के कारोबारियों पर आधारित है, जो पहले से ही नोटबंदी और जीएसटी जैसी नीतियों के कारण आर्थिक दबाव में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी-विवाह के प्रमुख सीजन में ऐसी अपील से व्यापार में भारी गिरावट आ सकती है, जिससे हजारों परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी। उन्होंने आगे कहा कि कई स्वर्णकार उधार और ब्याज पर पूंजी लेकर कारोबार करते हैं, ऐसे में मांग में कमी से वे गंभीर आर्थिक संकट में फंस सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि इससे न केवल स्थानीय स्तर पर व्यापार प्रभावित होगा बल्कि पूरे देश में लगभग 3.5 करोड़ से जुड़े कारीगर और व्यापारी वर्ग पर असर पड़ेगा। पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि सरकार की नीतियों से पहले ही व्यापारी वर्ग संघर्ष कर रहा है और अब इस प्रकार की अपील स्थिति को और अधिक गंभीर बना सकती है। उन्होंने सरकार से इस विषय पर पुनर्विचार करने की मांग की है ताकि छोटे व्यापारियों की आजीविका सुरक्षित रह सके और बाजार में स्थिरता बनी रहे।










