स्वच्छ-गांव, स्वच्छ-जलवायु” अभियान का किया गया शुभारंभ

बक्सर। बुधवार को उप विकास आयुक्त बक्सर, श्रीमती निहारिका छवि की अध्यक्षता में “स्वच्छ-गांव, स्वच्छ-जलवायु” अभियान का शुभारंभ समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त बक्सर, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, जिला समन्वयक (स्वच्छता), बक्सर, जिला सलाहकार (CB & IEC ) तथा जिला समन्वयक (आईटीसी वाश इंस्टिट्यूट, वाटर ऐड एवं जिला के संबंधित पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।उप विकास आयुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सामाजिक दायित्व है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए सभी संबंधित विभागों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता पर बल दिया। बैठक में “स्वच्छ-गांव, स्वच्छ-जलवायु” अभियान के सफल संचालन हेतु तिथि-वार गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
अभियान के अंतर्गत ग्राम स्तर पर स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, श्रमदान, कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, वृक्षारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों के आयोजन पर चर्चा की गई। ईसके अतिरिक्त, प्रतिभागियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के विभिन्न प्रावधानों के संबंध में उन्मुखीकरण प्रदान किया गया। नियमावली के प्रभावी क्रियान्वयन, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, जैविक एवं अजैविक अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण तथा ग्राम पंचायतों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। बैठक में अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने, ग्रामीण समुदाय को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण हेतु सम्लित प्रयास करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में जिला जल एवं स्वच्छता समिति के पदाधिकारीगण, संबंधित विभागों के प्रतिनिधि, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, स्वच्छता कर्मी एवं अन्य गणमान्य प्रतिभागी उपस्थित थे । सभी ने अभियान के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारने हेतु सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया।










