पूर्व सैनिक की जमीन विवाद पर चक्की सीओ का बड़ा खुलासा, अतिक्रमण हटाने का दावा
चक्की। चक्की अंचल क्षेत्र में अराजी संख्या 1631 की जमीन को लेकर चल रहे विवाद पर चक्की अंचल अधिकारी संगीता कुमारी ने अपना पक्ष रखते हुए स्पष्ट किया कि प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि भीम सिंह द्वारा सीएम मॉनिटरिंग सेल एवं जिला प्रशासन को आवेदन देकर उक्त जमीन पर शिकायत की गई थी, जो खतियान के अनुसार सर्वसाधारण की जमीन है। अंचल अधिकारी ने बताया कि वर्ष 1980-81 में उक्त जमीन में से दो डिसमिल भूमि पूर्व सैनिक अवध बिहारी अवस्थी को सैनिक बंदोबस्ती योजना के तहत आवासीय निर्माण के लिए आवंटित की गई थी। उसी आधार पर उनकी जमाबंदी कायम हुई और वे नियमित रूप से रसीद कटवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शेष दो डिसमिल जमीन पर अवध बिहारी अवस्थी द्वारा अस्थायी अतिक्रमण किया गया था, जिसे नोटिस जारी कर हटवा दिया गया। वर्तमान में अराजी संख्या 1631 की बची हुई जमीन पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त है।
क्या कहती हैं अंचलाधिकारी:-
अंचलाधिकारी संगीता कुमारी का कहना है कि अब आवेदक द्वारा जमीन पर लगे हरे पेड़-पौधों को हटाने की मांग की जा रही है, जबकि अतिक्रमण वाद के दायरे में पेड़-पौधे नहीं आते हैं। यदि किसी को इस पर आपत्ति है तो इसकी सूचना वन विभाग को दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालय की ओर से आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली गई है। वहीं, स्थानीय लोगों को परेशान किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की शिकायत है तो संबंधित मुखिया प्रतिनिधि अपने पैड पर लिखित आवेदन जिला प्रशासन को दे सकते हैं।










