यूपीएससी आईएफओएस में 79वीं रैंक पाने वाले प्रित्येश राज का हुआ सम्मान
बक्सर। शहर के अंबेडकर चौक निवासी प्रित्येश राज ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा यूपीएससी आईएफओएस (भारतीय वन सेवा) में सफलता हासिल करते हुए पूरे देश में 79वीं रैंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। शनिवार को प्रित्येश राज बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल पहुंचे, जहां विद्यालय परिवार द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में छात्रों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान प्रित्येश राज ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। बच्चों ने उनसे पढ़ाई, सफलता और संघर्ष से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सरलता से जवाब दिया। उन्होंने छात्रों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि सफलता के लिए निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। उन्होंने अपनी सफलता के पीछे सेल्फ स्टडी को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यदि छात्र नियमित रूप से स्वयं अध्ययन करें तो किसी भी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। प्रित्येश राज ने अपने संघर्ष और मेहनत : के अनुभव साझा करते हुए बच्चों का हौसला बढ़ाया तथा उन्हें भविष्य में अधिकारी बनकर समाज और देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।










