6 महीने में NDA सरकार का वादा फेल, युवा और मजदूर बेहाल _ बजरंगी
बक्सर। बिहार की नव निर्वाचित सरकार के कार्यकाल के 6 महीने पूरे होने पर जन सुराज पार्टी ने आज बक्सर पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बिहार सरकार पर युवाओं, महिलाओं और मजदूरों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष बजरंगी सिंह ने कहा कि NDA सरकार द्वारा चुनाव के समय जनता से किए गए बड़े-बड़े वादे आज जमीन पर कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। सरकार ने 5 साल में 1 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। इसका मतलब था कि प्रतिदिन लगभग 5476 युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए था। सरकार बनने के 6 महीने बाद तक लगभग 9.85 लाख नौकरियां मिल जानी चाहिए थी, लेकिन आज भी बिहार का युवा बेरोजगारी और पलायन के लिए मजबूर है। बिहार में केवल 25% मजदूरों को राज्य में काम मिल पा रहा है, जबकि 71% मजदूर रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। यह सरकार की रोजगार नीति की सबसे बड़ी विफलता है।
उन्होंने BPSC TRE-4 भर्ती का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने छात्रों के साथ छल किया। चुनाव से पहले नोटिफिकेशन जारी करने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक कोई स्पष्ट घोषणा नहीं हुई। आंदोलन कर रहे हजारों छात्रों पर केस दर्ज कर सरकार ने युवाओं की आवाज दबाने का काम कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं को 2-2 लाख रुपये देने के सरकार के वादे पर कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत महिलाओं को दो-दो लाख रुपये देने का वादा अब केवल चुनावी जुमला साबित हो रहा है। दूसरी तरफ बिहार पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है। वहीं,संगठन जिला युवा अध्यक्ष अजीत सम्राट ने राज्य में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरा । नीट छात्रा हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए महिला जिला अध्यक्ष आशा देवी ने कहा कि मामले में समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं होने के कारण आरोपियों को जमानत मिलना बिहार सरकार की बड़ी विफलता है। बताया गया कि जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर बिहटा स्थित बिहार नवनिर्माण आश्रम में रहकर बिहारभर में संगठन और जनसंवाद को मजबूत करेंगे।
मौके पर जिला अध्यक्ष बजरंगी सिंह, कार्यालय प्रभारी विजय कुमार पाठक मौजूद रहे।प्रेस वार्ता करते जनसुराज जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा एवं अन्य










