नेत्र शिविर में सैकड़ों लोगों की हुई जांच, बांटे गए चश्मे
ब्रह्मपुर। ए.एस.जी. विजन सेंटर के द्वारा ब्रह्मपुर प्रखंड के कृतसागर गांव में निःशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। विजन सेंटर के जिला संयोजक संदीप कुमार ने बताया कि सैकड़ों लोगों की नेत्र जांच कर जरूरतमंद बुजुर्गों, पुरुषों, महिलाओं, स्कूली बच्चों एवं बच्चियों को चश्मा उपलब्ध कराया गया। साथ ही नेत्र विशेषज्ञ डॉ. अमीर परवेज ने मोतियाबिंद, आंखों का भेंगापन, परदे की बीमारी, काला मोतिया (ग्लूकोमा) तथा कंजक्टिवा से संबंधित बीमारियों की जांच एवं इलाज किया। शिविर में बच्चों एवं महिलाओं को नेत्र रोगों के प्रति जागरूक भी किया गया। बच्चों को मोबाइल के अधिक उपयोग से होने वाली आंखों की समस्याओं के बारे में जानकारी देते हुए उससे बचाव के उपाय बताए गए। यह अभियान राकेश पाण्डेय के सहयोग से कृतसागर गांव में आयोजित किया गया। आसपास के गांवों के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने परिवार के सदस्यों की नेत्र जांच कराई। शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्यकर्मी बिट्टू तिवारी एवं मुनि यादव ने अहम भूमिका निभाई, जिससे अधिक से अधिक लोगों की नेत्र जांच की जा सकी।










