चंदा पंचायत की टूटती सड़कों पर उठी आवाज युवा मोर्चा ने किया निर्माण की मांग जोरदार
चक्की। प्रखंड अंतर्गत चंदा पंचायत की दो प्रमुख संपर्क सड़कों की जर्जर स्थिति को लेकर चंदा पंचायत युवा मोर्चा के अध्यक्ष उत्तम कुमार ने लोगों के साथ मिलकर जोरदार आवाज उठाई। उन्होंने विशेष रूप से भरियार वार्ड संख्या-8 स्थित भरियार-योगिया मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग की। उत्तम कुमार ने बताया कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि बारिश में कीचड़ हो जाता है और लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कुछ ही दिनों बाद भरियार में काली मां की स्थापना और यज्ञ का आयोजन होने वाला है, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। सड़क की खराब स्थिति उनके लिए परेशानी का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा कि यज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों के आवागमन में किसी भी असुविधा से बचने के लिए सड़क का तुरंत निर्माण या मरम्मत आवश्यक है। चंदा पंचायत में दो प्रमुख सड़कें-भरियार-योगिया पथ (वार्ड 8) और परसिया-हेमदापुर मार्ग (वार्ड 4)-लंबे समय से दयनीय स्थिति में हैं। परसिया-हेमदापुर मार्ग गांव को मुख्य धारा से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है। खराब सड़क के कारण ग्रामीण, स्कूली बच्चे और मरीज असुविधाओं का सामना कर रहे हैं और आपातकालीन सेवाएं समय पर नहीं पहुंच पातीं। उत्तम कुमार ने विभाग में लोकशिकायत दर्ज कराई है। विभाग ने शीघ्र मरम्मत और निर्माण कराने का आश्वासन दिया है। लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे उत्तम कुमार ने राशन कार्ड वितरण, आवास योजना, बिजली, नल-जल, नाली निर्माण और पूजा स्थलों के जीर्णाेद्धार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ग्रामीण उम्मीद कर रहे हैं कि उनकी पहल से सड़कों की स्थिति में जल्द सुधार होगा।










