सम्राट अशोक जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित, न्याय और करुणा का संदेश दिया गया
डुमरांव। गुरूवार को चौकियां बौद्ध विहार में सम्राट अशोक जयंती के अवसर पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मनोज कुशवाहा ने की, जबकि संचालन प्रोफेसर अखिलेश्वर कुशवाहा ने किया। बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता डुमरांव के पूर्व विधायक अजीत कुमार सिंह ने सम्राट अशोक के जीवन और उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अशोक का जीवन परिवर्तन, आत्मबोध और करुणा का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने बताया कि कलिंग युद्ध के बाद अशोक का हृदय परिवर्तन हमें सिखाता है कि वास्तविक शक्ति हिंसा में नहीं, बल्कि शांति, न्याय और मानवता में निहित होती है। उनके शासनकाल में समानता, सहिष्णुता और जनकल्याण को जो महत्व दिया गया, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम में पी०पी० सिंह, इंजीनियर निर्मल सिंह, सरपंच अरविंद यादव और मंगल महेश ने भी सम्राट अशोक के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। सभी उपस्थित लोगों ने अशोक के विचारों को अपनाकर न्यायपूर्ण और समतामूलक समाज के निर्माण का संकल्प लिया। सैकड़ों की उपस्थिति के साथ यह आयोजन अत्यंत सफल रहा।










