राज्यपाल के पत्र से प्रणव चटर्जी महाविद्यालय में उत्साह, प्राचार्य प्रो. महेश दत्त सिंह को मिला विशेष सम्मान
बक्सर। बिहार के नवनियुक्त राज्यपाल सह कुलाधिपति ले. जनरल सैयद अता हसनैन द्वारा शहर के प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं प्रणव चटर्जी महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) महेश दत्त सिंह को भेजे गए विशेष पत्र के बाद शैक्षणिक गलियारों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। 14 अप्रैल को जारी इस पत्र में राज्यपाल ने प्राचार्य द्वारा दी गई शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्हें ‘प्रतिष्ठित शिक्षाविद्’ बताया और यह विश्वास जताया कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से बिहार के शैक्षणिक संस्थानों को मजबूती मिलेगी तथा उत्कृष्टता का वातावरण विकसित होगा। इस पत्र के आलोक में शनिवार को महाविद्यालय परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। सुबह 10ः10 बजे प्राचार्य कक्ष में प्रो. महेश दत्त सिंह की अध्यक्षता में प्राध्यापकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों के बीच विशेष बैठक संपन्न हुई, जिसमें राज्यपाल के विजन, उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, विस्तार और छात्र-छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी प्रो. डॉ. शिवजी पाण्डेय ने प्राचार्य को इस सम्मान के लिए पूरे महाविद्यालय परिवार की ओर से बधाई दी। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि यह पत्र केवल प्राचार्य के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के शिक्षकों और कर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने महामहिम राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त किया और महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया।










