सिकटौना गुरुकुल में 51 बटुकों का सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न
इटाढ़ी। सनातन संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण के उद्देश्य से गुरुवार को इटाढ़ी प्रखंड के सिकटौना ग्राम स्थित श्रीधराचार्य वेद कर्मी गुरुकुलम में एक भव्य निशुल्क सामूहिक यज्ञोपवीत (जनेऊ) संस्कार का आयोजन किया गया। विश्वामित्र सेना के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने किया। समारोह में रंगनाथ द्विवेदी के मार्गदर्शन एवं आचार्य बनारसी दुबे के कुशल नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कुल 51 बटुकों का उपनयन संस्कार संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजकुमार चौबे ने कहा कि यज्ञोपवीत संस्कार केवल एक धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि यह हमारे जीवन में अनुशासन, ज्ञान और संस्कारों का मूल आधार है। उन्होंने शास्त्रों के कथन जन्मना जायते शूद्रः, संस्कारात् द्विज उच्यते का उल्लेख करते हुए नई पीढ़ी को सनातन परंपराओं से जोड़ने पर जोर दिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव अशोक कुमार उपाध्याय, मोहित बाबा, गोवर्धन चौबे, अर्जुन तिवारी, ओम जी यादव और गुड्डू पांडेय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. लोकनाथ द्विवेदी, पंकज पांडेय, बबन तिवारी, जय कुमार तिवारी और विद्यासागर दुबे ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। संस्कार के पश्चात उपस्थित जनसमूह के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।










