मैट्रिक 2026 में बेटियों का दबदबा, टॉपर्स ने रचा नया इतिहास, बक्सर की शांभवी बनी स्कूल टॉपर
बक्सर। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित मैट्रिक परीक्षा 2026 के परिणाम में इस वर्ष छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया है। टॉपर सूची में शामिल छात्र-छात्राओं ने उच्च अंक प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। जारी टॉपर लिस्ट के अनुसार, जमुई की पुष्पांजलि कुमारी और वैशाली की सबरीन परवीन ने 492 अंक (98.4 प्रतिशत) हासिल कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर बेगूसराय की नाहिद सुल्ताना ने 489 अंक (97.8 प्रतिशत) के साथ अपनी जगह बनाई। तीसरे स्थान पर बक्सर की अनुपा कुमारी और बेगूसराय के ओम कुमार ने 488 अंक (97.6 प्रतिशत) प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं चैथे स्थान पर समस्तीपुर की ज्योति कुमारी, बांका के अनुभव कुमार और पूर्णिया के अंश राज ने 487 अंक (97.4 प्रतिशत) हासिल किए। पांचवें स्थान पर बेगूसराय की प्रेरणा कुमारी और भोजपुर की नसरीन परवीन ने 486 अंक (97.2 प्रतिशत) प्राप्त कर टॉप सूची में अपनी जगह बनाई। टॉपर सूची में शामिल सभी 10 छात्रों ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर यह सफलता हासिल की है। इस वर्ष भी छात्राओं का दबदबा साफ देखने को मिला, जो समाज में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है। सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और नियमित अध्ययन को दिया है। वही उच्च विद्यालय बक्सर की छात्रा शांभवी कुमारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्कूल टॉपर बनकर विद्यालय का नाम रोशन किया। शांभवी, पिता विमलेश कुमार चैबे, की इस सफलता पर परिवार और शिक्षकों में खुशी की लहर है।










