गैस एजेंसियों का डीएम साहिला ने किया निरीक्षण, आपूर्ति व्यवस्था सुधारने के दिए सख्त निर्देश
बक्सर। जिला पदाधिकारी साहिला ने नगर क्षेत्र की विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी एवं सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण में कुँवर ज्योति गैस एजेंसी, चरित्रवन एवं सोनामति इंडेन गैस के गोदाम शामिल रहे। कुँवर ज्योति गैस एजेंसी में जानकारी दी गई कि पिछले दो दिनों से सिलेंडर वाहन नहीं आने के कारण वितरण प्रभावित है तथा 2446 उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित है। इस पर डीएम ने निर्देश दिया कि बुकिंग के तीन दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा गोदाम से सीधे वितरण नहीं किया जाए। साथ ही स्टॉक एवं आपूर्ति तिथि की जानकारी सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करने को कहा गया। सोनामति इंडेन गैस एजेंसी में 2600 बुकिंग लंबित पाई गई। यहां सूचना पट्ट अद्यतन नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी को कारण पूछने का निर्देश दिया गया। डीएम ने सभी अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर उपभोक्ताओं को सुचारू गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं नियम उल्लंघन पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।










