डायट डुमरांव में शिक्षकों के लिए दो दिवसीय कार्यशाला, आवश्यकता आधारित प्रशिक्षण पर जोर
बक्सर। शिक्षकों के प्रशिक्षण को अधिक व्यावहारिक एवं आवश्यकता आधारित बनाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), डुमरांव में द्वितीय चरण की दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चंदन कुमार द्विवेदी एवं डायट प्राचार्य विवेक कुमार मौर्य ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर चंदन कुमार द्विवेदी ने कहा कि आवश्यकता आधारित प्रशिक्षण से विद्यालयों में शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार संभव है। उन्होंने प्रशिक्षण को शिक्षकों के वास्तविक अनुभव एवं चुनौतियों से जोड़ने पर बल दिया। वहीं विवेक कुमार मौर्य ने कहा कि बदलते शैक्षिक परिदृश्य में प्रशिक्षण को अधिक प्रासंगिक और परिणामोन्मुख बनाना जरूरी है। कार्यशाला के समन्वयक नवनीत कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में तैयार मूल्यांकन प्रपत्र के आधार पर शिक्षकों की प्रशिक्षण आवश्यकताओं की पहचान की गई है। इसी आधार पर आगामी प्रशिक्षण की रूपरेखा तैयार की जाएगी। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ मनोज त्रिपाठी, राम सज्जन सिंह सहित 12 शिक्षकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों में विमल कुमार सिंह, डॉ. मृत्युंजय राय, पवन कुमार मिश्रा, मो. इमाम अली, राजेश कुमार राय, रविशंकर गुप्ता, संदीप आर्य, अनमोल कुमार एवं अजीत कुमार शामिल रहे।










