नीट यूजी परीक्षा 2026 को लेकर जिला प्रशासन सख्त, तीन केंद्रों पर होगी परीक्षा
बक्सर। नीट (यूजी) 2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर समाहरणालय बक्सर में जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में ब्रीफिंग आयोजित की गई। परीक्षा 03 मई 2026 को जिले के तीन केंद्रों पर आयोजित होगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों का प्रवेश प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 01:30 बजे तक ही मान्य होगा और इसके बाद प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर दो स्तर की फ्रिस्किंग की व्यवस्था रहेगी, जिसमें हैण्ड हेल्ड मेटल डिटेक्टर का उपयोग किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर दंडाधिकारी, पुलिस बल एवं वीक्षक की तैनाती रैंडम आधार पर की जाएगी ताकि परीक्षा निष्पक्ष रूप से संपन्न हो। मोबाइल, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यातायात व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन सेवा एवं चिकित्सा सुविधा के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर दंडाधिकारी तैनात रहेंगे ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सोशल मीडिया निगरानी, फोटोस्टेट दुकानों पर नियंत्रण एवं 200 मीटर क्षेत्र में धारा 163 लागू करने का भी निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने सभी पदाधिकारियों को परीक्षा को सफल एवं शांतिपूर्ण बनाने का सख्त निर्देश दिया है।










