भीषण गर्मी में बक्सर नगर परिषद की पहल, 10 प्याऊ और 60 वाटर एटीएम से मिल रहा शुद्ध पेयजल
बक्सर। भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए नगर परिषद, बक्सर द्वारा शहरवासियों को राहत पहुंचाने के लिए विशेष पहल की गई है। बढ़ते तापमान के बीच लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने हेतु शहर के विभिन्न स्थानों पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नगर परिषद द्वारा प्रमुख स्थानों पर 10 अस्थायी प्याऊ स्थापित किए गए हैं, जहां राहगीरों को निशुल्क ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा पूरे शहर में 60 वाटर एटीएम के माध्यम से शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई है, जिससे आमजन को गर्मी में राहत मिल सके। नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे धूप में निकलते समय आवश्यक सावधानी बरतें, अधिक से अधिक पानी पिएं और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। साथ ही नगर परिषद से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 18008433411 जारी किया गया है, जिस पर संपर्क कर नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।










