आशा एवं आशा फैसिलिटेटर संघ ने उठाई लंबित मांगों की आवाज
बक्सर। आशा एवं आशा फैसिलिटेटर संघ के राज्य शाखा के आह्वान पर सोमवार को बक्सर में शिष्टमंडल के माध्यम से 23 सूत्री मांग पत्र सिविल सर्जन को सौंपा गया। आचार संहिता को देखते हुए प्रदर्शन के बजाय जिला संयोजक सह राज्य उपाध्यक्ष अरुण कुमार ओझा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सिविल सर्जन बक्सर से मुलाकात कर कार्यपालक निदेशक, राज्य स्वास्थ्य समिति पटना के नाम मांग पत्र समर्पित किया। शिष्टमंडल ने बताया कि आशा एवं आशा फैसिलिटेटरों को पिछले 7-8 माह से प्रोत्साहन एवं पारितोषिक राशि का भुगतान नहीं हुआ है। मांग की गई कि प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आशा फैसिलिटेटरों को 30 दिनों का यात्रा भत्ता, 65 वर्ष तक सेवा आयु, चुनाव कार्य का बकाया भुगतान एवं 10 लाख रुपये रिटायरमेंट बेनिफिट के साथ 10 हजार रुपये मासिक पेंशन देने की मांग उठाई गई। संघ ने आशा एवं आशा फैसिलिटेटरों को 26 हजार रुपये मासिक वेतन, पीएफ, ग्रेच्युटी एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं लागू करने की भी मांग की। शिष्टमंडल में डैजी देवी, नीतू पांडेय, सरस्वती देवी, बेबी देवी, ममता, धर्मशिला, रिंकी, महाबीर पंडित एवं हरेराम सिंह शामिल रहे।










