कोका-कोला प्लांट में मजदूरों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
नावानगर। एसएलएमजी पेय पदार्थ के नावानगर स्थित कोका-कोला प्लांट में कार्यरत मजदूरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। मजदूरों ने कंपनी के मुख्य गेट पर धरना देते हुए न्यूनतम मजदूरी, ओवरटाइम भुगतान, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रमिक सुविधाओं की मांग उठाई। मजदूरों का आरोप है कि उनसे 12-12 घंटे काम कराया जाता है, लेकिन ओवरटाइम का भुगतान नहीं किया जाता। साथ ही ईपीएफ के नाम पर मजदूरी से 18 प्रतिशत राशि काटी जाती है, जबकि खाते में मात्र 12 प्रतिशत ही जमा किया जाता है। मजदूरों ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय अवकाश एवं मजदूर दिवस पर भी कार्य कराया जाता है, लेकिन अतिरिक्त भुगतान नहीं दिया जाता। धरना स्थल पर पहुंचे इंकलाबी नौजवान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने आंदोलनरत मजदूरों को समर्थन देते हुए कहा कि मजदूर अपने अधिकार और सम्मानजनक जीवन की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने सरकार से हस्तक्षेप कर मजदूरों की मांगों को पूरा करने की मांग की। धरना को जिला परिषद सदस्य राजीव कुमार सिंह, पैक्स अध्यक्ष नीरज कुमार यादव, नारायण दास, गामा यादव, पप्पू यादव उर्फ सुनील सिंह, शारदा यादव, मुन्ना सिंह, सत्येन्द्र सिंह एवं मुख्तार सिंह सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।










