कस्तूरबा विद्यालय जासो में एलुमनी मीट, नव छात्राओं का भव्य स्वागत
बक्सर। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जासो में शनिवार को एलुमनी मीट सह नव नामांकित छात्राओं के स्वागत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त बक्सर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत गीत के साथ हुआ। विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त ने नव नामांकित छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पूर्व छात्राओं (एलुमनी) से विद्यालय से जुड़े रहने और अपने अनुभवों के माध्यम से वर्तमान छात्राओं का मार्गदर्शन करने का आह्वान किया। साथ ही विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान ग्रामीण बालिकाओं के सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम में एलुमनी छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए, जबकि छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। मौके पर शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










