बक्सर में ‘बोधिका’ ई-पत्रिका के अप्रैल अंक का विमोचन, शिक्षा में नवाचार और गुणवत्ता पर जोर
बक्सर। शिक्षा विभाग, बक्सर द्वारा प्रकाशित मासिक शैक्षिक ई-पत्रिका “बोधिका” के अप्रैल अंक का विमोचन शनिवार को आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में किया गया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (ईई और एसएसए) चन्दन कुमार द्विवेदी, वरीय व्याख्याता, डायट डुमरांव डॉ. नवनीत कुमार सिंह एवं पत्रिका के संपादन से जुड़े सदस्यों ने संयुक्त रूप से पत्रिका का लोकार्पण किया। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चन्दन कुमार द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि “बोधिका” जैसी शैक्षिक पत्रिका शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जो उनकी रचनात्मकता, नवाचार एवं ज्ञान-विस्तार को प्रोत्साहित करती है। उन्होंने इसे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया। वहीं वरीय व्याख्याता, डायट डुमरांव डॉ. नवनीत कुमार सिंह ने कहा कि यह पत्रिका शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को समृद्ध करने के साथ-साथ शिक्षकों के अनुभवों एवं नवाचारों को साझा करने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम में राम भजन राम, सुरेन्द्र प्रसाद, विमल कुमार सिंह, मो. इमाम अली अंसारी, डॉ. मृत्युंजय राय, सुगंधा कुमारी, रवि प्रकाश, राजेश कुमार राय, रवि शंकर गुप्ता, संदीप आर्य, सुभाष चौहान सहित अन्य शिक्षाविद एवं अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में सभी गणमान्य व्यक्तियों ने “बोधिका” के नियमित प्रकाशन की सराहना करते हुए इसे जिले की शैक्षिक उन्नति के लिए अत्यंत उपयोगी बताया तथा भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक प्रयासों को निरंतर जारी रखने पर बल दिया।










