पूर्व सांसद लालमुनि चौबे की 10वीं पुण्यतिथि पर भव्य श्रद्धांजलि सभा
बक्सर। जिले के ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कुरुथिया में लालमुनि चौबे स्मृति न्यास द्वारा पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं बक्सर से लगातार चार बार सांसद रहे पंडित लालमुनि चौबे की 10वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम न्यास परिसर के सभागार में आयोजित हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने चौबे जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें नमन किया। न्यास के संस्थापक अध्यक्ष उदय उज्जैन ने कहा कि लालमुनि चैबे जैसे व्यक्तित्व लाखों में एक होते हैं। वे माँ भारती के सच्चे सपूत थे और उनका पूरा जीवन राष्ट्र व समाज की सेवा को समर्पित रहा। उन्होंने बताया कि 1974 के जेपी आंदोलन में चैबे जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही और वे बिहार से इस्तीफा देने वाले पहले विधायक थे। उदय उज्जैन ने यह भी कहा कि जब बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से ‘हिंदू’ शब्द हटाने की कोशिश हुई थी, तब चैबे जी ने इसके खिलाफ आंदोलन चलाकर सरकार को पीछे हटने पर मजबूर किया। आज विश्वविद्यालय के नाम में ‘हिंदू’ शब्द बने रहना उनके संघर्ष का परिणाम है। वही कार्यक्रम में धीरज कुमार पांडे, मंजी पासवान, विनय कुमार राय उर्फ गुड्डू राय, बीरेन्द्र पासवान, सत्येंद्र, अजय कुमार टुन्ना, रामजी कुमार, टनमन यादव, शिवजी कुमार, विशाल कुमार एवं रेयांश उज्जैन सहित कई लोग उपस्थित रहे।










