बड़ी खबर
दिनदहाड़े फायरिंग से किशोर घायल, एकौना गांव में सनसनी
सिमरी। थाना क्षेत्र के एकौना गांव में बुधवार सुबह करीब 10 बजे दिनदहाड़े एक युवक को गोली मार दी गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घायल की पहचान 17 वर्षीय मनीष यादव, पिता हरेंद्र यादव, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दुबौली गांव निवासी रोशन तिवारी ने किसी विवाद के बाद पिस्तौल से मनीष पर फायरिंग कर दी। गोली उसके पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों ने उसे तुरंत बक्सर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही सिमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।










