उप निर्वाचन को लेकर तैयारियों की समीक्षा, प्रेक्षक ने दिए निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान के निर्देश
बक्सर। बुधवार को बिहार विधान परिषद उप निर्वाचन 2026 के तहत भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की तैयारियों को लेकर समाहरणालय सभागार, आरा में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय प्रेक्षक राजीव रौशन, भा०प्र०से० ने की। इस दौरान जिला पदाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया एवं जिला पदाधिकारी बक्सर ने उनका स्वागत किया। बैठक में जिला पदाधिकारी भोजपुर ने पीपीटी के माध्यम से निर्वाचन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। इसमें निर्वाचकों की संख्या, मतदान केंद्रों की व्यवस्था, एआरओ व अतिरिक्त एआरओ की तैनाती, निर्वाचन कार्यक्रम, अभ्यर्थियों की सूची, विभिन्न कोषांगों के दायित्व, कर्मियों के प्रशिक्षण तथा मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं (एएमएफ) पर विशेष चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान प्रेक्षक ने निर्देश दिया कि पूरी निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने, बेहतर कतार प्रबंधन करने तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच करने को कहा। साथ ही मतदान के बाद मतपेटियों को सुरक्षित रूप से वज्रगृह में जमा कराने और किसी भी अफवाह का त्वरित खंडन करने के निर्देश दिए। बैठक में दोनों जिलों के पुलिस अधीक्षक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।










