सरस्वती विद्या मंदिर आहिरौली में छात्र-नेतृत्व चुनाव संपन्न, अनुशासन व लोकतांत्रिक मूल्यों की दिखी मिसाल
बक्सर। सरस्वती विद्या मंदिर, आहिरौली में शनिवार को बालसभा के अंतर्गत छात्र-नेतृत्व चुनाव अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस चुनाव में मंत्री, सहमंत्री, सेनापति एवं सह-सेनापति पदों के लिए विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। विद्यालय के भैया-बहनों ने अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के नेतृत्व में बालसभा, किशोरसभा, कन्या भारती एवं शिशु भारती के अंतर्गत संगठित होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सभी विद्यार्थियों ने जिम्मेदारी एवं जागरूकता के साथ मतदान किया। इस अवसर पर मंच संचालन का दायित्व उपाध्यक्ष अनूप कुमार चौबे द्वारा कुशलतापूर्वक निभाया गया। कार्यक्रम में सीनियर अधिकारी मदन पांडे, शिक्षण प्रमुख एवं परीक्षा विभाग से विवेक कुमार राय, अजीत कुमार श्रीवास्तव, राजन कुमार गुप्ता, ईश्वर चंद्र सहित अन्य आचार्य एवं दीदी जी उपस्थित रहे। पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं अनुशासित रही, जो विद्यालय के संस्कारयुक्त वातावरण एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों की जागरूकता को दर्शाती है। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।










