बक्सर की साक्षी और सलोनी ने रचा इतिहास, सीयूईटी पीजी में टॉप रैंक हासिल
बक्सर। जिले के मित्रलोक कॉलोनी निवासी बजरंगी मिश्रा (जनसुराज पार्टी के जिलाध्यक्ष) एवं नीतू मिश्रा की पुत्रियों साक्षी मिश्रा और सलोनी मिश्रा ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। साक्षी मिश्रा ने सीयूईटी पीजी परीक्षा में पूरे भारत में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज, नॉर्थ कैंपस में अध्ययनरत हैं। वहीं सलोनी मिश्रा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सीयूईटी पीजी परीक्षा में पूरे भारत में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। वह वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज, नॉर्थ कैंपस में अध्ययन कर रही हैं। इसके पहले सलोनी मिश्रा उत्तर प्रदेश बोर्ड की 12वीं परीक्षा में टॉपर रह चुकी हैं और उन्हें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित भी किया गया था। दोनों बहनों की इस उपलब्धि से बक्सर जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।










