सरस्वती विद्या मंदिर बक्सर में प्रांतीय शैक्षिक परिषद बैठक शुरू, संस्कारयुक्त आधुनिक शिक्षा पर जोर
बक्सर। सरस्वती विद्या मंदिर, सिविल लाइंस स्थित अहिल्याबाई सभागार में विद्या भारती, बिहार प्रदेश के द्विदिवसीय प्रांतीय शैक्षिक परिषद एवं मार्गदर्शक बैठक का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय शिक्षा समिति सह शिशु शिक्षा प्रबंध समिति के प्रदेश सचिव रामलाल सिंह, पूर्णकालिक ब्रह्मदेव प्रसाद, गंगा प्रसाद, धीरेन्द्र कुमार, धारणीकांत पांडेय एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह राजेंद्र प्रसाद ने की। आगंतुक अतिथियों का स्वागत एवं परिचय प्रधानाचार्य शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कराया, जबकि संचालन विभाग प्रमुख लालबाबू प्रसाद यादव ने किया। विषय की प्रस्तावना विभाग निरीक्षक ब्रह्मदेव प्रसाद ने रखी। इस दौरान अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि रामलाल सिंह ने कहा कि संस्कार और संस्कृति के बिना शिक्षा अधूरी है। उन्होंने आधुनिक शिक्षा के साथ एआई और भारतीय ज्ञान परंपरा को जोड़ने पर बल दिया। बैठक में विगत सत्र की समीक्षा की गई तथा सत्र 2026-27 के लिए कार्य योजना बनाई गई। बैठक में दक्षिण बिहार के 17 जिलों से 70 से अधिक विषय प्रमुख शामिल हुए। अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रबंध समिति अध्यक्ष प्रो. महेशदत्त सिंह ने किया। मौके पर अभिषेक भारती, वीरेंद्र कुमार, धरनीकांत पांडेय, गंगा चौधरी, परमेश्वर कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।










