विधान परिषद उपचुनाव की तैयारियां तेज, अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग सम्पन्न
बक्सर। बिहार विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र 06-भोजपुर-सह-बक्सर के उप निर्वाचन 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। 12 मई 2026 को होने वाले मतदान को लेकर आज समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में मतदान दल, सेक्टर दण्डाधिकारी, जोनल दण्डाधिकारी, सुपर जोनल दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने की। जिला पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन का मुख्य उद्देश्य स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराना है। उन्होंने सभी अधिकारियों से निष्ठा, सतर्कता एवं समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की। पीठासीन पदाधिकारी को मतदान प्रक्रिया का प्रमुख अधिकारी बताते हुए कहा गया कि वे मतदान को सुव्यवस्थित और विवाद रहित तरीके से संपन्न कराएं। मतदान केंद्र के 200 मीटर की परिधि में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। जिले में कुल 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जो सभी प्रखंड कार्यालयों में स्थित हैं। मतदान का समय प्रातः 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। कुल 2303 मतदाता (1083 पुरुष एवं 1220 महिला) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रशासन ने शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने का भरोसा जताया है।










