सड़क दुर्घटना में पुलिसकर्मी का असामयिक निधन
बक्सर। जिले के राजपुर थाना में पदस्थापित चौकीदार रितेश कुमार पाण्डेय का सोमवार देर शाम सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया। वे राजपुर थाना क्षेत्र के कुशही निवासी बिरेन्द्र पाण्डेय के पुत्र थे। जानकारी के अनुसार, रितेश कुमार किसी आवश्यक कार्य से सासाराम से लौट रहे थे, तभी कोचस थाना क्षेत्र के एसएन कॉलेज के समीप स्टेट हाईवे 17 पर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अग्रीम कार्रवाई में जुट गई। एसआई चंद्रशेखर तांती ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। बक्सर पुलिस परिवार ने दिवंगत चौकीदार को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति मिले। पुलिस परिवार इस दुःखद घड़ी में पूरी संवेदना के साथ उनके परिजनों के साथ खड़ा है।










