हनुमान जन्मोत्सव पर खीरी गांव में गूंजे भक्ति के सुर, अखंड हरिकीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल
राजपुर। प्रखंड के खीरी गांव स्थित संकट मोचन महावीर मंदिर प्रांगण में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्यक्रम का आयोजन भव्य रूप से किया गया, जिसका नेतृत्व शास्त्रीय संगीत गायक घनश्याम चौबे ने किया। इस अवसर पर 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन आयोजित किया गया। “हरे राम-हरे कृष्ण” के संगीतमय भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए और माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया। कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत गायक निरंजन पांडे ने अपने मधुर भजनों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं भोजपुरी गायिका रिया कश्यप तथा प्रीति तराना ने भी अपनी प्रस्तुति से भक्ति का अद्भुत समां बांध दिया। हरिकीर्तन के उपरांत हवन-पूजन कर गांव एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई। तत्पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर घनश्याम चौबे ने कहा कि जो भी भक्त सच्चे मन और श्रद्धा से भगवान हनुमान की आराधना करता है, उसके सभी संकट दूर होते हैं और जीवन में खुशहाली आती है। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी सह भाजपा नेता अभिषेक कुमार चौबे, निर्मल तिवारी, सत्येंद्र चौबे, सरपंच योगेंद्र चौहान, शिव शंकर दुबे, कलेंद्र त्रिगुण, भोला त्रिगुण, लाल साहब यादव, गुड्डू त्रिगुण, गुड्डू सेठ, जयशंकर दुबे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।










