सदर अस्पताल से ट्रैफिक तक सुधार, बक्सर में तेज हुई विकास की रफ्तार
बक्सर। बक्सर सदर विधानसभा क्षेत्र में हाल के महीनों में विकास कार्यों में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। आनंद मिश्र की सक्रियता, सख्ती और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के कारण सदर अस्पताल की व्यवस्था में व्यापक बदलाव हुआ है। अब मरीजों को समय पर दवाइयाँ और जांच सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिली है। इसके साथ ही गोलंबर क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या में भी काफी हद तक सुधार हुआ है। पावर प्लांट से जुड़े मजदूरों के लंबित भुगतान का समाधान भी कराया गया है। महज चार महीनों में इन समस्याओं का निराकरण प्रशासनिक इच्छाशक्ति और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली को दर्शाता है। इस संबंध में अविनाश पाण्डेय, जिलाध्यक्ष भाजयुमो बक्सर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा विकास और जनकल्याण की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग बिना योगदान के श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता सब समझती है और सही प्रतिनिधियों को पहचानती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विकास कार्यों में सहयोग करें और क्षेत्र के समग्र विकास में भागीदार बनें। बक्सर में हो रहे ये सकारात्मक बदलाव जनहितकारी सोच और मजबूत नेतृत्व का परिणाम हैं। वहीं मौके पर योगेन्द्र चौबे, जितेंद्र दुबे, भगवान सिंह त्यागी, धर्मेन्द्र पाण्डे सहित अन्य लोग उपस्थित थे।










