शराब के नशे में पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के भतीजे गिरफ्तार
बक्सर। सारण के महाराजगंज से जुड़े राजद के पूर्व बाहुबली सांसद प्रभुनाथ सिंह के भतीजे सुधीर सिंह को औद्योगिक थाना पुलिस ने शनिवार देर शाम वीर कुंवर सिंह सेतु के पास से गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि वह काले रंग की इनोवा गाड़ी से उत्तर प्रदेश की ओर से बक्सर आ रहे थे और कथित रूप से शराब के नशे में थे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नशे की हालत में उन्होंने पुलिस के सामने रौब जमाने की कोशिश की और कथित तौर पर बदतमीजी भी की। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सुधीर सिंह को औद्योगिक थाने लाकर मेडिकल जांच कराई और उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उनकी गिरफ्तारी की खबर फैलते ही इलाके में चर्चा तेज हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ लोग उन्हें छुड़ाने के लिए थाने पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे, हालांकि पुलिस ने कानून के अनुसार कार्रवाई की बात कही है।










