बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन
बक्सर। बढ़ती महंगाई, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी ओबीसी विभाग के निर्देश पर बक्सर जिला ओबीसी विभाग कांग्रेस ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम जिला ओबीसी विभाग के अध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस दौरान जिला कांग्रेस कमिटी कार्यालय के सामने मुख्य सड़क पर केंद्र सरकार के खिलाफ पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार की नीतियों का विरोध जताया। जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि महंगाई की मार से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवार बुरी तरह प्रभावित हैं। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोगों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी। वही कार्यक्रम में संजय कुमार पांडे, संजय कुमार दुबे, त्रियोगी नारायण मिश्रा, अजय यादव, मोहम्मद अयास, विमल चौबे, मुन्ना तुरहा, बबन तुरहा, राकेश यादव, पिंटू दुबे और यतेंद्र गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।










