पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक, एनडीए व महागठबंधन ने मांगा समर्थन
इटाढ़ी। एनडीए समर्थित एमएलसी प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद के समर्थन में इटाढ़ी प्रखंड स्थित पाल मैरेज हॉल में पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता शंकर केशरी एवं संचालन विजय कुशवाहा ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला और पूर्व एमएलसी सह संदेश विधायक राधाचरण सेठ ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे एकजुट होकर एनडीए प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद को भारी मतों से विजयी बनाएं। प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि वे जनप्रतिनिधियों के हक के लिए आवाज उठाते रहेंगे तथा अपने पिता के अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वहीं, शनिवार को इटाढ़ी में महागठबंधन के समर्थित एमएलसी प्रत्याशी सोनू कुमार राय के पक्ष में भी पंचायत प्रतिनिधियों से वोट देने की अपील की गई। इस मौके पर पूर्व विधायक विश्वनाथ राम व विजेंद्र यादव ने महागठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष धर्मराज चौहान एवं संचालन संतोष भारती ने किया।










