नया भोजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई लोडेड कट्टा के साथ कोढ़ा गिरोह का सदस्य गिरफ्तार एक फरार
डुमरांव। नया भोजपुर थाना पुलिस को विशेष समकालीन अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। जहां पुलिस ने लोडेड देशी कट्टा के साथ कुख्यात कोढ़ा गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई प्रभारी थानाध्यक्ष सुमन कुमार के नेतृत्व में हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को गस्ती के दौरान महाराजा कोठी के पास पीसीसी सड़क के मोड़ पर दो संदिग्ध युवकों के बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक के साथ खड़े होने की सूचना मिली। सूचना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही एक युवक बाइक लेकर फरार हो गया। वहीं दूसरे युवक को पुलिस ने दबोच लिया। तलाशी के दौरान पकड़े गए युवक की कमर से एक लोडेड देशी कट्टा बरामद किया गया। जो कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज गांव निवासी महेश यादव का 22 वर्षीय पुत्र कारू कुमार यादव है । पूछताछ में उसने कोढ़ा गिरोह का सदस्य होना स्वीकर किया। इसकी पुष्टि करते हुए प्रभारी थानाध्यक्ष सुमन कुमार यादव ने बताया की गिरफ्तार अपराधी कोढ़ा गैंग का सदस्य है । जिसका मुख्य काम चैन स्नेचिंग करना, बैंक से पैसा निकालने वालों के साथ छिनतई करना तथा क्षेत्र में घूम घूमकर लोगों को निशाना बनाना है। वही उन्होंने बताया की गिरफ्तार अपराधी को जेल भेजा जा रहा है तथा फरार एक अपराधी की तलाश जारी है। साथ ही इनके पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।










