अवैध राइफल के साथ शराब पार्टी का भंडाफोड़, कनीय अभियंता समेत 6 गिरफ्तार
ब्रह्मपुर। थाना क्षेत्र में बुधवार रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध राइफल के साथ शराब पार्टी कर रहे बिजली विभाग के कनीय अभियंता समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक राइफल, एक बोतल शराब और 1,15,000 नकद भी बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्थानीय चैक के पास एक कमरे में कुछ लोग अवैध रूप से शराब पार्टी कर रहे हैं और वहां हथियार भी मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने छापेमारी कर मौके से रामेश्वर नाथ तिवारी, सुधांशु रंजन, अमित कुमार पांडे, संजय शाह, अमित कुमार राय और प्रियांशु मिश्रा को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी शराब का सेवन करते हुए पाए गए। बरामद राइफल का लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस हथियार के स्रोत और उसके उद्देश्य की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। मामले की जांच जारी है।










