अमेरिका से लौटे इस्कॉन ट्रस्टी राजा गोविंद दास का बक्सर में भव्य स्वागत
बक्सर। इस्कॉन बक्सर के प्रबंधक सह ट्रस्टी राजा गोविंद दास के अमेरिका से चार महीने बाद लौटने पर बक्सर रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। ट्रेन से उतरते ही शैलेंद्र, ओंकार दास सहित अन्य भक्तों ने उन्हें माल्यार्पण कर सम्मानित किया। वहीं समाजसेवी सह शिक्षाविद् डॉ. रमेश कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्हें सम्मानपूर्वक इस्कॉन मंदिर, पड़री ले जाया गया। स्टेशन परिसर में इस्कॉन बक्सर की कीर्तन मंडली द्वारा संकीर्तन किया गया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक हो गया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने भी इस कीर्तन में भाग लिया। डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि इस्कॉन मंदिर द्वारा समय-समय पर सामाजिक और आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ जनकल्याणकारी कार्य किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2024 में आयोजित गीता मैराथन उत्सव में विभिन्न देशों से 102 विदेशी श्रद्धालु बक्सर आए थे, जिनमें अमेरिकी भक्त भी शामिल थे। उन्हीं के आमंत्रण पर राजा गोविंद दास अमेरिका गए थे और वहां इस्कॉन के विस्तार एवं विकास पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में शैलेंद्र प्रभु, संतोष प्रभु, कौशल प्रभु, अनिल प्रभु सहित कई भक्त उपस्थित रहे। राजा गोविंद दास ने सभी को आशीर्वाद देते हुए इस्कॉन मंदिर, पड़री के विकास का आश्वासन दिया।










