ट्रेन यात्रियों से झपटमारी करने वाला अंतरराज्यीय महिला गिरोह गिरफ्तार
बक्सर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बक्सर एवं जीआरपी बक्सर की संयुक्त कार्रवाई में अंतर-राज्यीय महिला गिरोह की तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार 12 मई 2026 की शाम करीब 6ः20 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-02 पर चेकिंग अभियान के दौरान ट्रेन संख्या 22670 में यात्रियों से झपटमारी करने वाली तीन महिलाओं को पकड़ा गया। गिरफ्तार महिलाओं के पास से माला सहित दो सोने के लॉकेट बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपितों में संत कबीर नगर (यूपी) निवासी दुर्गावती देवी तथा मऊ (यूपी) निवासी नंदिता देवी और खुशबू कुमारी शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी पूर्व में भी विभिन्न थानों से जेल जा चुकी हैं। दुर्गावती देवी के खिलाफ जहानाबाद टाउन थाना में, जबकि नंदिता देवी एवं खुशबू कुमारी के खिलाफ नालंदा के दीपनगर थाना में झपटमारी एवं चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं। सभी आरोपितों के विरुद्ध जीआरपी बक्सर में मामला दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।










