पटना में खान सर और पूर्व सैनिक संघ की अहम बैठक, शिक्षा–स्वास्थ्य व समाज सेवा पर बनी रणनीति
बक्सर। शिक्षा जगत के प्रसिद्ध शिक्षक और खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक खान सर तथा बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के बीच पटना में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना रहा। बैठक का नेतृत्व बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के जिला अध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष रामनाथ सिंह ने किया। उनके साथ बी वॉरियर के अध्यक्ष रंजन कुमार राय, प्रदेश अध्यक्ष एन.के. सिंह, उपाध्यक्ष आर.एन. उपाध्याय, सचिव अश्विनी कुमार, संगठन मंत्री नीतीश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष आर.एन. सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बक्सर डेलिगेशन से मिथलेश सिंह, जितेंद्र प्रसाद सिंह, हरिशंकर सिंह (सेना मेडल), सूबेदार राजेंद्र प्रसाद भी शामिल हुए। बैठक में शहीद परिवारों के सम्मान, पूर्व सैनिकों के बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और वृक्षारोपण जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। खान सर ने पूर्व सैनिकों के योगदान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। बैठक के अंत में पूर्व सैनिक संघ की ओर से खान सर को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी सदस्यों ने इसे बिहार के विकास और जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।










