भरियार में काली मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर भव्य शोभायात्रा, महायज्ञ को लेकर उत्साह चरम पर
चक्की। चक्की प्रखंड के भरियार गांव में स्थित नवनिर्मित काली माता मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के लिए जल यात्रा सह शोभायात्रा शनिवार को निकाली गई। शोभायात्रा गणपति पूजन व यज्ञ मंडल परिक्रमा के बाद प्रातः आठ बजे कृपा पात्र जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्री डॉ. धर्मेंद्र आचार्य जी महाराज के सानिध्य में निकली, जो भरियार, परसिया, लीलाधरपुर होते हुए गायघाट नदी तट पर पहुंची। मंत्रोच्चार के बीच वरुण पूजन कराया गया। श्री डॉ. धर्मेंद्र आचार्य जी महाराज ने बताया कि महायज्ञ 2 मई को मंडप प्रवेश व अग्नि प्राकट्य के साथ प्रारंभ होगा। माता रानी की प्राण-प्रतिष्ठा 7 मई को होगी तथा पूर्णाहुति एवं भंडारा 9 मई को होगा। मौके पर यज्ञ कमेटी के तमाम सदस्यों ने बताया कि श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ पूरे उल्लास के साथ किया जा रहा है। वहीं, इस महायज्ञ में प्रवचन देने के लिए पूज्य श्री लक्ष्मी प्रपन्न श्री जियर स्वामी जी महाराज के आगमन से यज्ञ में दूर-दूर से लोगों के पहुंचने का अनुमान है। बताते चलें कि चंदा पंचायत के अंतर्गत आने वाले भरियार गांव में श्री जियर स्वामी जी महाराज के प्रवचन सुनने के लिए ग्रामीणों में बेताबी दिख रही है। महिला-पुरुष सहित तमाम लोगों में उत्साह का माहौल है।










