नर्बदा देवी अग्रवाल की जन्म शताब्दी पर महिला पुलिस बैरक का भव्य लोकार्पण
बक्सर। रविवार को गृह रक्षा वाहिनी परिसर, बाजार समिति रोड, बक्सर में स्वर्गीय नर्बदा देवी अग्रवाल की जन्म शताब्दी के अवसर पर नवनिर्मित “महिला पुलिस बैरक” का भव्य लोकार्पण किया गया। यह आयोजन उनकी पावन स्मृति को समर्पित करते हुए श्रद्धा और सम्मान के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पाण्डेय के कर कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर पुलिस कमांडेंट विनोद कुमार यादव का विशेष सहयोग रहा, जिनके प्रति आयोजकों ने आभार व्यक्त किया। स्वर्गीय नर्बदा देवी अग्रवाल के सुपुत्र दुलीचन्द अग्रवाल (सेवानिवृत्त इंजीनियर), डॉ. हनुमान प्रसाद अग्रवाल एवं सुपुत्री संतोष गोभिल ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संबोधन में दुलीचन्द अग्रवाल ने कहा कि उनकी माता ने परिवार को एकता, सेवा और संस्कारों से जोड़े रखा, जो आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने बताया कि उनकी माता अत्यंत दयालु एवं धार्मिक प्रवृत्ति की थीं। वे प्रतिदिन गंगा स्नान करती थीं तथा अपनी सामथ्र्य के अनुसार दान-पुण्य करती थीं। कोई भी जरूरतमंद उनके घर से खाली हाथ नहीं लौटता था। इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों एवं नागरिकों ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। अंत में आयोजकों ने आशा व्यक्त की कि यह बैरक पुलिस विभाग के लिए उपयोगी सिद्ध होगी और समाज को लाभान्वित करेगी।










