ओलंपियाड टॉपर्स का सम्मान समारोह, छात्रों ने साझा किए सफलता के मंत्र
बक्सर। बिहार सेंट्रल स्कूल के प्रांगण में शनिवार को ओलंपियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सफल प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए अपनी सफलता के पीछे की मेहनत, मार्गदर्शन और प्रेरणा के बारे में विस्तार से बताया, जिससे अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिली। कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने सभी प्रतिभागियों एवं शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे संभाग का नाम रोशन किया है। ओलंपियाड परीक्षा में विद्यालय की छात्रा रोशनी सिंह ने प्रदेश के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक सफलता हासिल की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय सरोज सर के मार्गदर्शन और विद्यालय के सहयोग को दिया। वहीं रोशनी कुमारी ने द्वितीय, आयुष्मान ने तृतीय तथा अभिषेक कुमार सिंह ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। छात्र श्वेतांक पांडे ने सफलता का मंत्र बताते हुए कहा कि सही दिशा और दृढ़ इच्छाशक्ति जरूरी है। वहीं बृजेश ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर गर्व व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल रहा तथा अंत में सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।










