फाउंडेशन स्कूल बक्सर में मातृ दिवस समारोह का भावनात्मक समापन, बच्चों की प्रस्तुति ने जीता दिल
बक्सर। फाउंडेशन स्कूल के सभागार में मातृ दिवस समारोह का भावनात्मक समापन समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम 7 मई से कक्षावार संचालित हो रहा था, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान एवं संवेदनाओं को विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। अंतिम दिन कक्षा 4 एवं 5 के बच्चों ने गीत, नृत्य, कविता पाठ एवं लघु प्रस्तुतियों से उपस्थित अभिभावकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बक्सर नगर परिषद की चेयरमैन कमरून निशा ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर बच्चे को ऐसा कार्य करना चाहिए जिससे उसकी माता को गर्व महसूस हो। उन्होंने माताओं के त्याग, प्रेम और संघर्ष को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताया। समारोह का विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा अपनी माताओं को समर्पित स्वरचित कविताओं एवं कहानियों की पुस्तिकाएँ रहीं। विद्यालय के प्राचार्य मनोज त्रिगुण ने कहा कि अधिकांश रचनाएँ पूर्णतः बच्चों की स्वरचित थीं, जिनका मंच से भावपूर्ण वाचन किया गया। बच्चों की प्रतिभा देखकर कई माताएँ भावुक हो उठीं। अंत में डॉ. एस. के. दुबे ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह में मीना श्रीवास्तव, बंदना कुमारी, प्रियंका कुमारी, अनुपमा पाठक, अनीता सिंह, आयशा खातून, चंचल श्रीवास्तव, पूजा देवी, रामायण राय, अजय तिवारी, राजीव पाठक एवं संजीव सिंह सहित विद्यालय परिवार उपस्थित थे।










