सांसद की अध्यक्षता में दिशा बैठक, विकास कार्यों की समीक्षा और नई मांगें
बक्सर। समाहरणालय सभागार में विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह ने की। जिला प्रशासन के सभी वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे। बैठक में राजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक संतोष कुमार निराला ने सक्रिय भागीदारी करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने जलहरा से मानिकपुर रोड पर भारी वाहनों के आवागमन नियंत्रण हेतु वैरियर लगाने, इंदौर पंचायत में पंचायत भवन निर्माण, सोन नहर पर नारायणपुर पुल चौड़ीकरण, गंगा पम्प नहर (चौसा-करहंसी) पर सड़क पुल निर्माण, खीरी-राजपुर-मानी मार्ग पर अधूरे पुल कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने और धनसोई स्वास्थ्य केन्द्र में महिला प्रसव सुविधा पुनः प्रारंभ करने की मांग की। विधायक निराला ने जल-नल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया। संबंधित अधिकारियों ने सभी प्रस्तावों पर शीघ्र और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।










