देवकुली विद्यालय में साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
ब्रह्मपुर। प्रखंड ब्रह्मपुर के श्री विश्वंभरनाथ ब्रह्मदेव ओझा उच्च विद्यालय, देवकुली में गुरुवार को साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग, फेक लिंक, फेक प्रोफाइल तथा ओटीपी/पासवर्ड धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान छात्रों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा, अनजान लिंक से बचने और जिम्मेदार सोशल मीडिया उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 एवं भारत सरकार के साइबर पोर्टल की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में राहुल कुमार (स्टेट कॉर्डिनेटर, माइक्रोसेब कंसल्टिंग), शशिरंजन ओझा (आकांक्षी प्रखंड फैलो) एवं प्रदीप केवट (गांधी फैलो, पिरामल फाउंडेशन) ने विद्यार्थियों को सतर्क डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। अंत में संवादात्मक सत्र आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने सवालों के जवाब प्राप्त किए। प्रधानाध्यापक व शिक्षकों ने इस पहल की सराहना की।










