फार्मर रजिस्ट्री में बक्सर ने लहराया परचम, राज्य में तीसरा स्थान
बक्सर। फार्मर रजिस्ट्री के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बक्सर जिले ने पूरे राज्य में तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के क्रम में 30 अप्रैल 2026 को बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत द्वारा जिला पदाधिकारी साहिला को सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप मुख्य सचिव द्वारा एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। यह उपलब्धि जिला पदाधिकारी के कुशल नेतृत्व एवं प्रशासनिक दक्षता का परिणाम है, जिसके फलस्वरूप बक्सर जिला फार्मर रजिस्ट्री में राज्य स्तर पर शीर्ष तीन जिलों में स्थान बना सका। जिला पदाधिकारी ने अपर समाहर्ता बक्सर के निरंतर अनुश्रवण, सभी प्रखंड के वरीय पदाधिकारियों, जिला कृषि पदाधिकारी एवं कृषि विभाग के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों, प्रखण्ड, अंचल एवं पंचायत स्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों के योगदान को सराहा है।










