नाथ बाबा घाट पर स्वच्छता का संकल्प, गंगा पखवाड़ा में प्रशासन संग जनता की भागीदारी
बक्सर। गंगा स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के तहत 17 मार्च को जिला पदाधिकारी साहिला की उपस्थिति में नाथ बाबा घाट पर विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वृक्षारोपण, प्रभात फेरी, स्वच्छता प्रतिज्ञा और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी द्वारा घाट के समीप स्थित पार्क में वृक्षारोपण से हुई। एनसीसी, माई भारत, हिंदुस्तान स्काउट और रूद्र ग्रुप के सदस्यों ने घाट की सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी की। कचरा संग्रहण, प्लास्टिक अपशिष्ट हटाना और घाट क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाना अभियान का मुख्य हिस्सा था। साहिला ने उपस्थित लोगों को गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और आम जनता से अपील की कि वे नदी में कचरा, प्लास्टिक या पूजन सामग्री न डालें। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया, जो नाथ बाबा घाट से गोला घाट तक गई। फेरी के दौरान दुकानों पर ष्हम गंगा जी को प्रदूषित नहीं करेंगे के स्टीकर लगाए गए। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त बक्सर, अपर समाहत्र्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी जिला गंगा समिति एवं मीडियाकर्मी उपस्थित थे। यह अभियान गंगा नदी की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है।










