बक्सर में एलपीजी आपूर्ति पर सख्ती, 1 लाख से अधिक सिलेंडर वितरण के बीच प्रशासन सतर्क
बक्सर। शनिवार को प्रभारी जिला पदाधिकारी निहारिका छवि की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर में एलपीजी आपूर्ति और वितरण को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। जिले में आई०ओ०सी०एल०, बी०पी०सी०एल० और एच०पी०सी०एल० के अंतर्गत कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। 13 मार्च से 03 अप्रैल 2026 तक कुल 1,03,213 गैस सिलेंडर वितरित किए गए, जबकि 3,717 सिलेंडर स्टॉक में बचा हुआ है। जिला प्रशासन के अनुसार भाहरी क्षेत्र में अंतिम सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिनों एवं ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिनों के बाद ही नए सिलेंडर की बुकिंग की अनुमति है। अनुमंडल पदाधिकारी और आपूर्ति अधिकारी लगातार औचक निरीक्षण कर रहे हैं। 21 मार्च को दो रेस्टोरेंट में प्राथमिक कार्रवाई हुई और 24 घरेलू सिलेंडर जप्त किए गए। 01 एवं 02 अप्रैल को कुल 62 गैस एजेंसी और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जिला नियंत्रण कक्ष में 03 अप्रैल तक कुल 709 शिकायतें आईं, जिनमें से 613 का निस्तारण किया जा चुका है। जिले में घरेलू एलपीजी कनेक्शन की संख्या 3,50,545 है। प्रशासन ने बिना बुकिंग गैस वितरण और डिलेवरी में विलंब करने वाले एजेंसियों को स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आमजन गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायत या सूचना के लिए 06183-223333 पर संपर्क कर सकते हैं।










