रामनवमी पर बक्सर को मिली नई सौगात, ‘खाना मखाना’ फैक्ट्री यूनिट का उद्घाटन
बक्सर। जिले के गोलंबर चौक, पटना–एनएच 922 स्थित विश्वामित्र ग्लोबल सुपरफूड्स एलएलपी (ब्रांड: “खाना मखाना”) के नए फैक्ट्री यूनिट का भव्य उद्घाटन शुक्रवार, 27 मार्च (राम नवमी) को धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ पूजा-पाठ से की गई, जिसके बाद क्षेत्र के जनप्रतिनिधि संतोष कुमार निराला एवं राहुल सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर फैक्ट्री का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भाजपा बक्सर जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन, किसान मोर्चा प्रमुख जय प्रकाश राय और जदयू नेता दिनेश सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने फैक्ट्री का अवलोकन कर इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे उद्योगों से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा। कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह यूनिट मखाना प्रोसेसिंग और विभिन्न फ्लेवर उत्पादों के निर्माण पर केंद्रित है। इससे बक्सर समेत आसपास के क्षेत्रों के किसानों और युवाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।










